सीएम धामी ने पीएम मोदी को सौंपे स्थानीय उत्पाद, रेल-सड़क कनेक्टिविटी, पर्यटन और वित्तीय सहयोग पर की बात
नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़क, रेल कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, पर्यटन, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं के लिए केंद्र से वित्तीय और तकनीकी सहयोग का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से जुड़े विशेष उपहार प्रधानमंत्री को भेंट किए। इनमें मलारी की हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), राज्य का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा, लाल चावल और हरिद्वार कुंभ-2027 की प्रतीकात्मक माँ गंगा की प्रतिकृति शामिल थी।
रेल और सड़क कनेक्टिविटी विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार के लिए दिल्ली से हल्द्वानी के बीच एक्सप्रेस-वे निर्माण की मंजूरी देने का आग्रह किया। इसके अलावा टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड सह रेल ट्रैक टनल, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन सर्वे, हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग के दोहरीकरण तथा ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन प्रस्ताव को गति देने की मांग की।
सीएम ने पर्वतीय परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखंड को EAP Capping से छूट देने और चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार एवं सिविल-मिलिट्री इस्तेमाल के लिए मदद मांगी। साथ ही देहरादून-हरिद्वार आरआरटीएस विस्तार के तहत मेरठ-मोदिपुरम से हरिद्वार तक और ऋषिकेश में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से फिजिबिलिटी स्टडी कराने का अनुरोध किया।
आयुष संस्थान और वित्तीय मंजूरियों के लिए आभार
सीएम धामी ने आयुष मंत्रालय के प्रस्तावित तीन अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक को ऊधमसिंह नगर के किच्छा में स्थापित करने की मांग रखी। उन्होंने कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये, SASCI के तहत लगभग 9,500 करोड़ रुपये, आरडीएसएस योजना में 3,436.08 करोड़ रुपये तथा चम्पावत बाईपास हेतु 199 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति देने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
इसके अलावा देहरादून रिंग रोड परियोजना, देहरादून-मसूरी रोपवे, चारधाम यात्रा मार्गों पर एटीसी टावर और विभिन्न जल विद्युत एवं पेयजल योजनाओं में निरंतर समर्थन के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
वेडिंग डेस्टिनेशन और आध्यात्मिक पर्यटन की नई पहल
राज्य में पर्यटन को नया आयाम देने के लिए रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर में भी नए केंद्र बनाए जा रहे हैं।
आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन आर्थिक क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं, जिनमें पौड़ी का बेलकेदार, टिहरी का अंजनिसैंण व टिहरी क्षेत्र तथा चम्पावत के लोहाघाट व श्यामलाताल शामिल हैं। शीतकालीन पर्यटन के तहत प्रमुख गद्दी स्थलों से यात्राएं शुरू की गई हैं, जिसमें जीएमवीएन व केएमवीएन के आवास गृहों पर 50% की छूट दी जा रही है। 19 अप्रैल 2026 तक 73 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने शीतकालीन यात्रा की है।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और वोकल फॉर लोकल
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए आईटीबीपी के साथ समझौते के तहत मीट और मछली की आपूर्ति की जा रही है। राज्य के उत्पादों को ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है, जिसका टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। अमेजन, ब्लिंकिट और जियो मार्ट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उत्पाद उपलब्ध हैं। छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में शीर्ष स्थान पर रहा है।
शिक्षा और बुनियादी ढांचे में सुधार
राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में 559 क्लस्टर स्कूल चिह्नित किए गए हैं। ‘भारत दर्शन’ कार्यक्रम के तहत मेधावी छात्रों को देश के प्रमुख शैक्षणिक व वैज्ञानिक संस्थानों का भ्रमण कराया गया है, जबकि अब ‘उत्तराखंड दर्शन’ योजना भी प्रस्तावित की गई है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि केंद्र के सहयोग से राज्य ‘विकसित उत्तराखंड’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।




