“आपदा प्रभावित मसूरी रोड और किमाड़ी पहुंचे सीएम धामी – युद्धस्तर पर राहत कार्य तेज करने के निर्देश”
देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही अतिवृष्टि से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है वहीं कई इलाकों में सड़कें टूटने और घरों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपदा परिचालन केंद्र से पूरे प्रदेश में आपदा की स्थिति की समीक्षा करने के बाद मसूरी रोड और किमाड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
सीएम धामी ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि –
-
प्रभावित क्षेत्रों में मुख्य सड़कों की मरम्मत तुरंत की जाए ताकि यातायात जल्द से जल्द सामान्य हो सके।
-
जहां मार्ग बाधित हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराई जाए।
-
प्रभावित परिवारों को आपदा मानकों के अनुसार त्वरित आर्थिक सहायता और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं।
-
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए राहत शिविरों की स्थापना और अस्थायी आवास की व्यवस्था प्राथमिकता पर की जाए।
“जनजीवन को सामान्य करना सरकार की प्राथमिकता” – सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम धामी ने यह भी कहा कि संबंधित सभी विभागों को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पीड़ित परिवारों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह सहित जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।