मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों के बलिदान को किया नमन।
देहरादून। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों को शुक्रवार को राजधानी देहरादून में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर पृथक राज्य के आंदोलनकारी शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए और उनके अप्रतिम योगदान, त्याग तथा बलिदान को याद किया।
शहीदों के सपनों के अनुरूप बने उत्तराखंड: मुख्यमंत्री
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का अस्तित्व आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और जीवन के बलिदान के बल पर ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके सपनों के अनुरूप एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य का निर्माण किया जाए। राज्य की पहचान, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए विकास यात्रा को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
आंदोलनकारियों की सुनीं समस्याएं, मिला सकारात्मक आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद राज्य आंदोलनकारियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान आंदोलनकारियों ने चिन्हीकरण और सरकारी नौकरियों में नियुक्ति से जुड़े विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया और कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों तथा शहीद परिवारों के कल्याण व सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रामपुर तिराहा कांड की बरसी पर प्रदेशभर में कार्यक्रम
1 और 2 अक्टूबर 1994 के रामपुर तिराहा कांड की बरसी के मौके पर देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में शहीदों को नमन किया जा रहा है। कचहरी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए आंदोलनकारी मौजूद रहे।



