सड़के राष्ट्र की भाग्य रेखाः मोदी
दून—दिल्ली एक्सप्रेसवे जनता को समर्पित
पीएम के 28वें राज्य दौरे को धामी ने बताया उत्तराखण्ड प्रेम का प्रतीक
धामी का दावा 2027 में राज्य में बनेगी भाजपा की सरकार
देहरादून। दून—दिल्ली एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करते हुए आज यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि व्यक्ति अपने भाग्य को जानने के लिए ज्योतिषी को हाथ दिखाता है लेकिन मैं इसे दूसरे संदर्भ में देखता हूं। राष्ट्र के विकास की भाग्य रेखा सड़के होती है। उन्होंने कहा कि दूंन—दिल्ली एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से उत्तराखंड राज्य के विकास का नया द्वार खुलेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि इस कॉरिडोर की शुरुआत होने से सिर्फ दिल्ली—देहरादून की यात्रा ही सुगम नहीं होगी और समय की ही बचत नहीं होगी अपितु राज्य के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मोदी ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास 21वीं सदी के भारत के नए निर्माण का सबसे बड़ा आधार बन रहा है। देश भर में हवाई सेवाओं से लेकर हाइवे, एक्सप्रेसवे तथा रेलवे के माध्यम से आर्थिक विकास का नया मार्ग तैयार हुआ है।
मोदी ने कहा कि मेरे मुंह से अनायास ही केदार बाबा की धरती से यह बात निकली थी कि तीसरा दशक उत्तराखण्ड के विकास का दशक होगा लेकिन उत्तराखंड राज्य के 26वें वर्ष में आते—आते जहां राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर का जो मजबूत ढांचा बनकर तैयार हो चुका है अब वह यह बता रहा है कि विकास का यह सपना साकार रूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय में पूरे देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 2 लाख करोड़ का बजट खर्च होता था लेकिन अब सिर्फ उत्तराखंड में सवा दो लाख करोड़ की योजनाओं पर काम हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपना संबोधन ठेठ पहाड़ी भाषा श्ौली में शुरू कर खूब वाह वाही बटोरी। उन्होंने कहा कि मां डाट काली के आशीर्वाद से ही इस कॉरिडोर का काम पूरा हो सका है। पीएम ने रिमोट का बटन दबाकर सभी चार चरणों में कराए गए निर्माण कार्य का आज लोकार्पण किया है। पीएम ने पहले डाट काली मंदिर जाकर पूजा अर्चना की और उसके बाद 15 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया इस दौरान भारी भीड़ देखी गई। कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को शाल ओड़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर नितिन गडकरी ने अपने संबोधन में राज्य में चल रही सड़क परियोजना व रोपवे योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा सीएम पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी सभा को संबोधित करते हुए कहा गया कि यह उनका पीएम बनने के बाद 28वां उत्तराखंड दौरा है जो मोदी के उत्तराखंड के प्रति लगाव का प्रतीक है। उन्होंने पीएम का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश उनके नेतृत्व में मिली सहानुभूति का आभारी है। धामी ने कहा कि 2022 की तरह उनके मार्गदर्शन में भाजपा 2027 में फिर राज्य में सरकार बनाएगी। इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह तथा पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित सभी सांसद व राज्य कैबिनेट मंत्री तथा विधायक भी मौजूद रहे।