खेल मंत्री रेखा आर्या बोलीं- खेलों को लेकर बदली है समाज और अभिभावकों की सोच
सोमेश्वर (अल्मोड़ा): उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर स्थित सोमनाथ ग्राउंड पहुंचीं। वह यहाँ आयोजित विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया और शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों व टीमों को पुरस्कृत किया।
युवाओं के विकास के लिए खेल जरूरी: रेखा आर्या
खेल मंत्री रेखा आर्या ने उपस्थित जनसमूह और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का जरिया नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि अब खेलों को लेकर समाज और अभिभावकों की सोच में बड़ा बदलाव आया है और वे बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में हुई प्रतियोगिताएं
इस चैंपियनशिप के तहत अंडर-14 (बालक/बालिका) और अंडर-19 (बालक/बालिका) वर्गों के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेल मंत्री ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, इसलिए हार से निराश होने के बजाय अपनी इच्छाशक्ति को मजबूत कर आगे बढ़ें। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ-साथ पढ़ाई और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस समापन समारोह के अवसर पर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मोहन दौसाद, मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष दलीप रौतेला, जिला युवा कल्याण अधिकारी डी. एन. कांडपाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राजा यादव, खंड विकास अधिकारी केसर सिंह बिष्ट और ब्लॉक समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र कोहली उपस्थित रहे।
इसके साथ ही पूर्व मंडल महामंत्री कैलाश बोरा, पूर्व कॉपरेटिव अध्यक्ष प्रकाश भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपाल मेहरा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शंकर बिष्ट, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी, पूर्व प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष सुरेश बोरा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश जोशी सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय खिलाड़ी मौजूद रहे।



