महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने हल्द्वानी में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
हल्द्वानी: उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा “सेवा संकल्प” अभियान के अंतर्गत “आंगन का मिलन” कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस महाअभियान को सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता के एक बड़े मंच के रूप में स्थापित करने की तैयारी है। कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि पूरे प्रदेश में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम का आयोजन 25 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस 13 दिवसीय अभियान का मुख्य फोकस बच्चों, माताओं और परिवारों के बीच स्वास्थ्य, संतुलित आहार और पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना है।
नैनीताल जनपद के संदर्भ में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में स्थित 1,916 आंगनबाड़ी केंद्रों पर इन 13 दिनों के दौरान विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण तक सीमित न रखकर माताओं और परिवारों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने वाला एक सशक्त केंद्र बनाना है।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
बैठक के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन भी विकासखंडों में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, वहां अनिवार्य रूप से फोटो और वीडियोग्राफी कराई जाए। इन गतिविधियों को विभागीय वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
इसके साथ ही उन्होंने विभागीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं को विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं।
बैठक में ये रहे उपस्थित
हल्द्वानी में आयोजित इस बैठक में कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष रविंद्र बाली, महिला मोर्चा महामंत्री आभा गोस्वामी, राशि जैन, जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य शामिल हुए। प्रशासनिक अधिकारियों में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पाण्डेय और जिला कार्यक्रम अधिकारी अनु लेखा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



