उत्तराखंड को केंद्र की बड़ी सौगात, रामनगर-देहरादून रेल सेवा को मिली स्वीकृति
केंद्र सरकार ने रामनगर-देहरादून के बीच नई रेल सेवा के संचालन को हरी झंडी दे दी है। यह सेवा गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के आग्रह पर स्वीकृत हुई है, जिससे यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र का सामाजिक व आर्थिक विकास होगा।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। केंद्र सरकार ने रामनगर-देहरादून के बीच नई रेल सेवा के संचालन को हरी झंडी दे दी है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी को भेजे पत्र में इस रेल सेवा को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी है।
सांसद बलूनी ने जनवरी में रेल मंत्री से मुलाकात में रामनगर-देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने का आग्रह किया था।गढ़वाल सांसद बलूनी ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता की रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार लगातार सकारात्मक और संवेदनशील रुख अपनाती रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रामनगर-देहरादून रेल सेवा को मिली स्वीकृतिराज्य में रेल नेटवर्क का निरंतर विस्तार हो रहा है और नई सेवाओं से लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले काठगोदाम-देहरादून के बीच नैनी दून एक्सप्रेस, कोटद्वार से नई दिल्ली रेल सेवा और देहरादून से लखनऊ के लिए ‘वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी सुविधाएं भी प्रदेश को मिल चुकी हैं।
सांसद बलूनी ने कहा कि रामनगर-देहरादून रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इससे यात्रा का समय कम होगा, खर्च में कमी आएगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने इसे उत्तराखंड के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।