पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों में प्रथम स्थान, देशभर में ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में 11वां स्थान हासिल
देहरादून। उत्तराखण्ड ने निवेश के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच 47.5 अंकों के साथ 11वां स्थान हासिल करते हुए राज्य ने ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
यह सूचकांक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का मूल्यांकन व्यावसायिक वातावरण, आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और वित्तीय स्वास्थ्य जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर करता है। उत्तराखण्ड ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में समग्र निवेश अनुकूलता और वित्तीय स्वास्थ्य में प्रथम स्थान, व्यावसायिक वातावरण और संसाधनों में द्वितीय तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह सफलता राज्य सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों, पारदर्शी शासन व्यवस्था, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और बेहतर औद्योगिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने, आधारभूत संरचना को और मजबूत बनाने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीति आयोग के सूचकांक में मिली यह उपलब्धि राज्य में निवेश, औद्योगिक विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति को नई गति प्रदान करेगी। साथ ही इससे उत्तराखण्ड निवेशकों के लिए एक विश्वसनीय और आकर्षक गंतव्य के रूप में और अधिक मजबूत होकर उभरेगा।


