प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर नमो एप पर शुरू किए गए “जन मन सर्वे” को पहले ही दिन जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। सर्वे की शुरुआत के 26 घंटे के भीतर ही देशभर से 5 लाख से अधिक लोगों ने इसमें भाग लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद सोशल मीडिया पर इस सर्वे की जानकारी साझा करते हुए देशवासियों से भारत की विकास यात्रा पर अपनी राय देने की अपील की। उन्होंने लिखा, “आपकी राय सबसे महत्वपूर्ण है! नमो एप पर इस सर्वे में हिस्सा लें और हमें बताएं कि आप भारत की 11 वर्षों की विकास यात्रा को कैसे देखते हैं।”
सरकार के अनुसार, यह सर्वे आम जनता की राय जानने और नीतियों की दिशा तय करने का एक बड़ा प्रयास है। पहले दिन उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक 1,41,150 प्रतिक्रियाएं मिलीं। इसके बाद महाराष्ट्र से 65,775, तमिलनाडु से 62,580, गुजरात से 43,590, और हरियाणा से 29,985 लोगों ने अपनी राय दी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि यह सर्वे नागरिकों को राष्ट्रीय सुरक्षा, शासन, सांस्कृतिक गौरव, युवा विकास जैसे मुद्दों पर सरकार के प्रदर्शन का आकलन करने और अपनी राय साझा करने का मौका देता है। उन्होंने कहा, “इस पहल से सरकार को यह जानने में मदद मिलती है कि किन योजनाओं को जनता का समर्थन मिल रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।”
एक खास बात यह रही कि 77% प्रतिभागियों ने सर्वे को पूरा किया, जो नागरिकों की गहन भागीदारी को दर्शाता है। अधिकारी ने कहा कि यह सर्वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।



